जिला मुख्यालय के रघुनाथपुर में फोन पर एक युवती को तंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर फोन करने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एएसपी ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक सदर थाना कुल्लू में फोन करने को लेकर एक केस दर्ज किया गया है। रघुनाथपुर निवासी एक युवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि एक सरफिरा युवक उसे लंबे समय से वक्त बेवक्त फोन करता है। इससे उसे मानसिक वेदना से गुजरना पड़ रहा है।
इतना ही नहीं, युवक का दुस्साहस देखिए कि वह युवति की फेसबुक पर उल्टी सीधी तस्वीरें डालने की धमकी भी दे रहा है। एएसपी निश्चिंत सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने पीड़ित युवती को न्याय दिलाने तथा सुरक्षा प्रदान करने की बात कही है। एएसपी ने कहा कि वरीयता के आधार पर इस केस को ट्रेस करने के लिए जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है। उन्होंने सरफिरे आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।