कुल्लू। धार्मिक नगरी मणिकर्ण घाटी के दुर्गम जंगलों में रेव पार्टियों का सिलसिला जारी है। ताजा मामले में मणिकर्ण के शिल्हागांव के साथ लगते शिल्हाघाट के जंगल में एक रेव पार्टी का आयोजन हुआ। रेव पार्टी की सूचना मिलते मौके पर पुलिस ने इसे बंद करवाया। मणिकर्ण पुलिस की छापामारी से आयोजकों समेत देशी-विदेशी पर्यटकों में हड़कंप मच गया और रात को अंधेरे को फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आयोजन स्थल से डीजे आदि का सामान अपने कब्जे में लेकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को वाद्य यंत्रों और डीजे की धुन पर करीब 50 से 60 सैलानी जमकर झूम रहे थे। इसमें विदेशियों के मुकाबले देशी पर्यटकों की संख्या अधिक थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मणिकर्ण पुलिस टीम को देख कर सभी सैलानी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सारा सामान बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच कर रहे मणिकर्ण पुलिस चौकी के प्रभारी दया राम ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मणिकर्ण के करीब 13 किलोमीटर दूर शिल्हागांव के शिल्हाघाट स्थित जंगल में रेव पार्टी का आयोजन हो रहा है और डीजे की धुन पर खूब हो-हल्ला चल रहा है। पुलिस के घटना स्थल पर पहुंचने से पहले सभी देशी-विदेशी पर्यटक अंधेरे का लाभ उठा कर मौके से फरार हो गए। मौके पर किसी तरह का नशा बरामद नहीं हुआ है। घाटी में दो माह के भीतर इस तरह की चौथी घटना है। एसपी कुल्लू पद्म चंद ने कहा कि मणिकर्ण के दुर्गम क्षेत्र में जंगलों के बीच रेव पार्टी का आयोजन हो रहा था, आयोजक के खिलाफ केस दर्जकर जांच की जा रही है।