भरतकूप(चित्रकूट) (ब्यूरो)। चौकी क्षेत्र के खंभरिया गांव में शुक्रवार की देर रात डाकू गोप्पा गैंग के पहुंचने की सूचना से ग्रामीण भयभीत हो गए। हवाई फायरिंग के बाद गांव के नौबस्तापुरवा निवासी जुगुल पटेल पुत्र भइयालाल के अपहरण की जानकारी ग्रामीणों ने दी। इस मामले में सतना पुलिस अ धीक्षक मिथलेश शुक्ला ने कहा कि गांव में डाकू गोप्पा के आने की खबर गलत है। किसी के अपहरण होने की भी सूचना नहीं है। तिहरे हत्याकांड का खुलासा करने और डाकू ललित पटेल गैंग को दबोचने के लिए कई संदिग्धों को घर से लाया गया है। जिनसे पूछताछ जारी है। उधर भरतकूप चौकी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि अपहरण की अफवाह ग्रामीणों ने फैलाई है। पुलिस ने गांव जाकर पूछताछ की है यहां कोई गैंग नहीं आया था। जुगुल पटेल को पहले भी पुलिस कई बार पूछताछ के लिए ले जा चुकी है। संभावना है कि मप्र पुलिस ने आकर उससे पूछताछ की हो। शनिवार को गांव में वह नहीं मिला लेकिन परिजनों ने किसी तरह की तहरीर नहीं दी है।