स्वार। अजीतपुर कोसी घाट से अवैध खनन कर स्टोन क्रशर पर जा रहे सात रेत से भरे ओवरलोड डंपरों को तहसीलदार ने पकड़ लिया। चालक मौके से फरार हो गए। इस कार्रवाई से स्टोन क्रशर संचालकों सहित खनन के धंधेबाजों में हड़कंप मचा है।
पुलिस प्रशासन की सख्ती ढीली पड़ते ही कोसी नदी के अजीतपुर घाटों पर अवैध खनन का काम धड़ल्ले से पुन: शुरु हो गया है। आसपास के गांवों के खनन धंधेबाज कोसी नदी से रातों रात अवैध खनन कर अजीतपुर स्टोन क्रशर संचालकों को बेच रहे हैं।
रविवार की रात्रि तहसीलदार संजय कुमार को सूचना मिली कि अजीतपुर स्थित असलम घाट पर कुछ लोग अवैध खनन कर डंपरों से अजीतपुर स्टोन क्रशरों पर ले जाया जा रहा है। इस पर तहसीलदार ने राजस्व टीम और पुलिस बल को साथ लेकर अजीत पुर कोसी घाट पर छापामार कार्रवाई की।
इस दौरान खनन के धंधेबाजों में हड़कंप मच गया और वह अपने वाहनों को छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। तहसीलदार ने मौके से सात रेत से भरे ओवरलोड डंपरों को कब्जे में कर लिया। सभी को मसवासी चौकी लाकर सीज कर दिया गया।
तहसीलदार द्वारा की गई इस कार्रवाई से खनन के धंधेबाजों सहित स्टोन क्रशर संचालकों में खलबली मच गई है। तहसीलदार संजय सिंह ने बताया कि अजीतपुर स्थित कई स्टोन क्रेशरों को चिह्नित किया जा रहा है जो अवैध रुप से किए गए खनन के माल को खरीद रहे हैं। उन स्टोनक्रशर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।