अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय में लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र के पास एक अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को कुल्लू अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मंडी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन गंभीर रूप से घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को हादसा हुआ। मृतक की पहचान संजय कुमार (45) पुत्र मिलाप चंद निवासी गांव व डाकघर नगवाईं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय सड़क पर चल रहा था। इस दौरान वह तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आया और गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल की हालत को देखते हुए उसे मंडी अस्पताल के लिए रैफर दिया। लेकिन घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार थी। शहर के बीचोंबीच भी वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। मामले की छानबीन की जा रही है।