स्वार। स्वार नूरपुर फाजिलपुर मार्ग पर लिफ्ट लेने के बहाने बाइक सवार दो बदमाश तमंचे के बल पर उत्तराखंड के ट्रांसपोर्टर की कार लूटकर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नाकेबंदी कराई लेकिन आरोपी हत्थे नहंी चढ़े।
रविवार की शाम लगभग चार बजे उत्तराखंड के रुद्रपुर ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शुक्ला फार्म निवासी ट्रांसपोर्टर मोहम्मद अहमद अपने रिश्तेदार मोहम्मद हुसैन को लेकर तहसील क्षेत्र के गांव नानकार रानी में अपनी स्विफ्ट कार से छोड़ने आए थे। लौटते समय जैसे ही वह गांव फाजिलपुर की ओर मुड़े तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों ने उन्हें हाथ देकर गाड़ी को रुकवा लिया। एक आरोपी युवक ने अपने साथी को थोड़ी दूर मुख्य मार्ग पर ले जाने की बात कही तो ट्रांसपोर्टर ने संदिग्ध युवक को कार में बैठा लिया। जैसे ट्रांसपोर्टर अपनी कार बढ़ाने को हुआ तो कार में बैठे संदिग्ध युवक ने तमंचा निकालकर कनपटी पर लगा दिया। जबकि दूसरे युवक ने कार का दरवाजा खोलकर ट्रांस्पोर्टर को कार से धक्का देकर गिरा दिया और अपनी बाइक छोड़ कर स्विफ्ट कर लेकर उत्तराखंड की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रांसपोर्टर से बदमाशों के हुलिये के बारे में जानकारी कर नाकाबंदी कराई लेकिन कोई सुराग नही लग सका। कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि ट्रांसपोर्टर से कार लूट की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।