अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू से करीब पांच किलोमीटर दूर पिरड़ी में एक रजाई, गद्दे की दुकान से शातिरों ने लाखों का सामान उड़ाया है। शातिरों ने मंगलवार रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस अब शातिरों की पहचान करने में जुट गई है।
चोरी हुए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला मंडल पिरड़ी के भवन में राजेश कुमार की दुकान है। मंगलवार को दुकान बंद करने के बाद वह घरे चला गया। देर रात शातिरों ने खिड़की में लगे सरिये तोड़े और दुकान के अंदर घुस गए। इससे पहले भी पिछले दो सालों में उसकी दुकान से चार बार चोरी हो चुकी है। लेकिन पुलिस ने एक मामले में भी रिकवरी नहीं की। इस चोरी की इस घटना के बाद आसपास के दुकानदारों व लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों के मुताबिक आए दिन कुल्लू शहर व आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शातिरों को पुलिस का खौफ नहीं है। इसलिए ऐसी वारदातें सामने आ रही हैं। पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाए, जिससे ऐसी वारदातों को अंकुश लगाया जा सके। उधर, इस संबंध में डीएसपी आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस ने पिरड़ी में दुकान में हुई चोरी मामले में एफआईआर दर्ज कर दी है। घटनास्थल से सीसीटीवी की फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है। शातिरों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।