कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटे पिरड़ी के पास दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हुई। इसमें चार युवक घायल हो गए। एक घायल की हालात गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई धनी राम ठाकुर ने कहा कि रविवार सुबह करीब 11 बजे पिरड़ी के पास भुट्टी से कुल्लू की तरफ आ रही एक अल्टो कार और कुल्लू से भुंतर की ओर जा रही एक अन्य कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार में सवार चार युवक घायल हो गए। कारों में बीच हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। हादसे में घायल सुनील कुमार (21) को अधिक चोट लगी है। इसके अलावा नेत्र देव (18), विजय कुमार (23) तथा दुष्यंत (19) घायल हो गए। जांच अधिकारी ने कहा पुलिस ने गाड़ी चालक तेजिंन के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने कहा कि हादसे में घायल चारों युवाओं का इलाज चल रहा है। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर है, जबकि तीन अन्य खतरे से बाहर है।