स्वार। तहसीलदार ने स्वार केला खेड़ा मार्ग पर अवैध खनन से लदी कैंटर को पकड़ लिया। चालक द्वारा कोई अभिलेख न दिखाने पर उसे और क्लीनर को भी हिरासत में ले लिया। कोतवाली लाकर वाहन को सीज कर दोनों को पुलिस को सौंप दिया। वहीं तहसीलदार ने रात में अवैध खनन की सूचना पर घूघा नदी के भगवंतनगर घाट पर भी छापा मार कार्रवाई की लेकिन खनन के धंधेबाज चकमा देकर फरार हो गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार संजय सिंह द्वारा अवैध खनन रोकने के लिए लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। शनिवार की रात तहसीलदार को सूचना मिली कि भगवंतनगर घूघा नदी घाट पर कुछ लोग अवैध खनन कर रहे हैं। जिस पर उन्होंने राजस्व टीम को साथ लेकर छापामार कार्रवाई की। टीम को देखकर खनन कर रहे लोग वाहन लेकर जंगल की ओर फरार हो गए।
तहसीलदार ने उत्तराखंड के केला खेड़ा की ओर से रेत से भरी आ रही कैंटर को पकड़ लिया और चालक से रेत की रॉयल्टी सहित अन्य अभिलेख मांगे तो वह नहीं दिखा सका। जिस पर उन्होंने कैंटर चालक आरिफ और क्लीनर नरेश को हिरासत में ले लिया और वाहन को कोतवाली लेकर सीज कर दिया गया।
तहसीलदार संजय सिंह ने चालक और हेल्पर के खिलाफ खनन संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तहसीलदार संजय सिंह ने बताया कि नदियों से अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। छापामार कार्रवाई अभियान जारी रहेगा।