अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। हेरोइन तस्करी के साथ पकड़ी गई एक नाबालिग लड़की गर्भवती निकली है। महिला थाना कुल्लू ने मंगलवार को पोक्सो एकट के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पिछले दिन मंडी पुलिस ने 54 ग्राम हेरोइन के साथ एक नेपाली युवक को एक नाबालिग लड़की के साथ पकड़ा था।
कोर्ट ने नेपाली को जहां न्यायिक हिरासत में भेजा, वहीं नाबालिग को ऊना स्थित अब्जर्वेशन होम कम स्पेशल होम भेजा गया। इस दौरान ऊना पुलिस ने लड़की का मेडिकल करवाया, जिसमें वह गर्भवती निकली। मेडिकल रिपोर्ट देखकर ऊना पुलिस भी हैरान हो गई और पूछताछ में लड़की ने हेरोइन के साथ पकड़े नेपाली पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इसकी सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को ऊना पुलिस ने इसकी रिपोर्ट कुल्लू पुलिस को दी। इसके आधार पर महिला थाना कुल्लू ने आरोपी नेपाली के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी कुल्लू ओमा ठाकुर ने कहा कि दुष्कर्म का आरोपी नेपाली जसवीर छतरी फिलहाल एनडीपीएस एक्ट के तहत मंडी में न्यायिक हिरासत में चल रहा है। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।