अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर-रामशिला मार्ग के दोनों तरफ किए गए अवैध कब्जों की फाइनल रिपोर्ट तैयार हो गई है। राजस्व विभाग ने 13 किलोमीटर दायरे में 170 अवैध कब्जों को चिन्हित किया है और इन कब्जों पर अब लोनिवि का डोजर चलेगा। हाईकोर्ट के आदेश पर इसकी जांच की जा रही है।
हालांकि पहले चरण में की गई निशानदेही में भुंतर से रामशिला मेजर डिस्ट्रिक रोड में करीब 200 कब्जे अवैध निकले थे। बाद में राजस्व विभाग ने कई जगहों पर निशानदेही की। अप्रैल माह से चल रही इस प्रक्रिया को पूरा करने में राजस्व विभाग को चार माह का समय लगा है। प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही कार्रवाई को लेकर अतिक्रमणकारियों में अवैध कब्जों को छुड़वाने का डर सताने लगा है। राजस्व विभाग की रिपोर्ट में 80 फीसदी से अधिक रिहायशी मकान अवैध हैं। 20 प्रतिशत में दुकानें, होटल व अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। हालांकि लोक निर्माण ने राजस्व विभाग को कई बार पत्राचार कर निशानदेही की रिपोर्ट देने को कहा था।
निशानदेही की पूरी रिपोर्ट मिल गई : अमित
एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि उन्हें निशानदेही की पूरी रिपोर्ट मिल गई है। सोमवार तक इसे लोनिवि को सौंपा जाएगा। भुंतर से रामशिला तक 170 अवैध कब्जों का खुलासा हुआ है। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों को छुड़वाने का काम अब लोनिवि की ओर से किया जाएगा।
पहले नोटिस देंगे, फिर होगी कार्रवाई : चमन
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता चमन लाल ठाकुर ने कहा कि रिपोर्ट आने पर विभाग अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ नियम के तहत कार्रवाई करेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद सभी लोगों को नोटिस देकर उन्हें सात दिनों के भीतर अतिक्रमण को छोड़ने को कहा जाएगा। नोटिस की अनुपालना न करने वाले लोगों के कब्जों पर विभाग डोजर चलाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस की भी मदद ली जाएगी।