कुल्लू। लोनिवि बंजार ने अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसके तहत विभाग ने सड़क किनारे किए अवैध कब्जों को हटाने का अभियान सोमवार से शुरू कर दिया है। लोनिवि ने मौहल से अभियान की शुरूआत करते हुए 10 अवैध कब्जों को हटाया है। जेसीबी से कब्जे हटाए जा रहे हैं। इससे मकान मालिकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया।
प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर मौहल से लेकर भुंतर तक मेजर डिस्ट्रिक रोड के दोनों ओर किए गए अवैध कब्जों पर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही लोनिवि की जेसीबी मौहल पहुंची तो करीब पांच लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण छोड़ दिया, जबकि विभाग ने पांच अवैध कब्जों पर जेसीबी चलाई। अवैध कब्जे छोड़ने के लिए लोनिवि ने नवंबर माह में 118 लोगों को नोटिस दिए थे। कई लोगों ने सड़क पर किए अतिक्रमण को नहीं हटाया। ऐसे में लोनिवि ने सख्त रुख अपनाते हुए मशीनरी के साथ कब्जा हटाने की मुहिम शुरू की है। इससे पहले लोनिवि कुल्लू ने टिकरा बावड़ी से लेकर रामशिला तक 34 कब्जों को हटाया है। इसमें 13 ऐसे कब्जे हैं, जिस पर विभाग ने सही मिलान न होने की आशंका जताई और अब इसकी फिर से निशानदेही करने का निर्णय लिया है। उधर, लोनिवि भुंतर के सहायक अभियंता एसके धीमान ने कहा कि विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ अवैध कब्जों पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को पहले दिन कुल दस कब्जों को हटाया है। इनमें से पांच को विभाग ने जेसीबी से तथा पांच को लोगों ने स्वयं हटाया है। उन्होंने कहा कि विभाग हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कर रहा है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।