कुल्लू। लकड़ी की अवैध तस्करी करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। इसी कड़ी में वन विभाग की टीम ने महाराजा कोठी के अंतर्गत आने वाले गांव लोट में देवदार के स्लीपरों से भरी जीप पकड़ी है। टीम ने जीप से देवदार के 19 स्लीपर बरामद किए हैं। साथ ही जीप जब्त कर ली है। हालांकि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार रात को लोट गांव के पास आरओ कुल्लू बलदेव शर्मा की अगुवाई में टीम नाके पर थी। रात करीब दो बजे स्लीपरों से भरी एक जीप को वन विभाग की टीम ने जांच के लिए रोका। वन विभाग के अधिकारियों को देखकर ड्राइवर घबरा गया। इससे पहले कि आरोपी को टीम पकड़ती तो वह अंधेरे में मौके से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने सभी देवदार के 19 स्लीपरों को कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि इन स्लीपरों को मौहल बदाह एरिया में लाया जाना था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। टीम में बीओ कुल्लू भूपिल कुमार, बीओ काइस देंवेंद्र भंडारी, वनरक्षक सुशील कुमार, तारा चंद आदि शामिल रहे। उधर, डीएफओ कुल्लू डॉ. नीरज चड्ढा ने कहा कि लोट गांव में मंगलवार रात को देवदार के 19 स्लीपर एक वाहन से पकड़े गए हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है। वन तस्करी करने वालों के खिलाफ विभाग कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।