ड्यूटी पर बिगड़ी तबीयत, कर्मी की मौत
भल्याणी स्कूल का मामला, चपरासी ने रात को अस्पताल में तोड़ा दम
अचानक तबीयत बिगड़ने पर पहुंचाया अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भल्याणी में कार्यरत एक चपरासी की शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के करीब पांच घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हीरू राम पुत्र सौभू राम निवासी गांव डाबरी, डाकघर मौहल, कुल्लू शिक्षा विभाग में बतौर चपरासी कम चौकीदार तैनात था। वह शुक्रवार के दिन ड्यूटी पर था। शाम करीब चार बजे हीरू राम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद स्कूल के एक अन्य कर्मचारी की सहायता से उसे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन यहां रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसके परिजन सदमे में हैं। शिक्षा विभाग संघ के महासचिव चेतराम प्रभाकर ने कहा है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल राजेश कुमार ने कहा कि अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद हीरू राम को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि स्कूल में कार्यरत एक कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा।