कुल्लू पुलिस ने चरस के साथ एक धरा।
- फोटो : अमर उजाला
मणिकर्ण घाटी के मलाणा रोड पर कुल्लू पुलिस ने नेपाल मूल के एक व्यक्ति को तीन किलो चरस समेत गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। आरोपी के विरुद्घ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चरस की कीमत तीन लाख से अधिक बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को पुलिस ने चौकी गांव से करीब दो किलोमीटर दूरी पर मलाणा रोड में नाका लगाया हुआ था। इस बीच पुलिस ने तलाशी के लिए एक व्यक्ति को रोका।
छानबीन करने पर व्यक्ति के कब्जे से तीन किलो चरस बरामद हुई। आरोपी ने चरस खेप को तीन अलग-अलग पैकेट में रखा था। पुलिस ने खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चरस खेप नेेपाल से लेकर आया है और पर्यटन सीजन में इसे कुल्लू-मनाली में मलाणा क्रीम के नाम पर बेचा जाना था। आरोपी की पहचान यम बहादुर (32) निवासी नेपाल के रूप में हुई है। आरोपी पेशे से दिहाड़ी मजदूरी करता है। कोर्ट से मिले पुलिस रिमांड में पुलिस आरोपी से खेप को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। इधर, एएसपी कुल्लू निश्चिंत नेगी ने बताया कि चरस तस्कर के विरुद्घ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस जगह-जगह नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रख रही है। भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।