कुल्लू। उपायुक्त कार्यालय के साथ दशहरा मैदान में अब क्षेत्र के युवा क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे। जिला दंडाधिकारी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने यहां धारा-144 के तहत आदेश जारी करते हुए मैदान में क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध लगा दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर भारतीय दंड संहिता की धार 188 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आदेश में कहा गया है कि सुबह और शाम के समय ढालपुर मैदान में सैर करने वाले लोगों की सुविधा के लिए हिम ऊर्जा विभाग ने ढालपुर मैदान में बड़ी संख्या में सोलर लाइटें स्थापित की हैं। इनमें से कुछ लाइटों को बच्चों और लोगों ने नुकसान पहुंचाया है। इस मैदान में बच्चे हर समय क्रिकेट खेलते देखे जा सकते हैं और देर शाम क्रिकेट गेंद से लाइटों को नुकसान होता है। हालांकि क्रिकेट खेलने के लिए क्रिकेट मैदान ढालपुर उपलब्ध है और बच्चे और लोग यहां क्रिकेट खेल सकते हैं। यह आदेश अगले दो माह तक प्रभावी रहेंगे।