कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर सात को कंटेनमेंट व बफर जोन से बाहर किया गया है। वार्ड में कोविड-19 का मामला आने के बाद 11 जुलाई को जिला दंडाधिकारी डॉ. ऋचा वर्मा की ओर से वार्ड को कंटेनमेंट व बफर जोन घोषित किया गया था।
उपायुक्त ने कहा कि वार्ड सात में आया कोरोना संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ हो चुका है। ऐसे में उत्तरी छोर की ओर लोरन व खलाड़ा सड़क, दक्षिण की ओर सरवरी खड्ड के अलावा पूर्व की ओर लोरन नाला से लेकर पश्चिम की ओर वार्ड सात की सीमा तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन से बाहर करने के आदेश जारी किए गए हैं। वार्ड सात के बफर जोन में रखे शेष क्षेत्र को भी बफर जोन से बाहर कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में अब पूर्व की भांति सभी प्रकार की छूट की सुविधा लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। कोरोना को लेकर सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। कोरोना संक्रमित व्यक्ति के स्वस्थ होने से स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है।