कुल्लू। जिला कुल्लू में कोरोना मामलों की संख्या 200 पहुंच गई है। जिला कुल्लू में शुक्रवार को सेना के तीन जवानों के साथ दस लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें छह प्रवासी कामगार भी शामिल हैं, जो गत दिनों ऊझी घाटी के नग्गर में सेब सीजन को पहुंचे थे। डीसी कुल्लू डॉ. ऋचा वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को नेरचौक भेजे गए सैंपलों में से दस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नग्गर से कामगार कोरोना संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा पांच अगस्त को मुंबई से आया सेना का एक जवान, अरुणाचल से आया एक सेना का जवान तथा छत्तीसगढ़ से आया एक अन्य सैनिक भी कोरोना संक्रमित आया है। सभी लोग संस्थागत क्वारंटीन में थे। इसके अलावा एक व्यक्ति पीजीआई चंडीगढ़ से लौटा था वह भी पॉजिटिव आया। वह होम क्वारंटीन में था। जिला में रोजाना आ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए जिलावासी सहमे हुए हैं। बागवानों की चिंता भी अधिक बढ़ गई है। उपायुक्त कुल्लू ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, इसको लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। जिला में कुल केस 200 के पार पहुंच गए हैं। सक्रिय मामले 160 और 39 लोगों ने कोरोना को मात दी है।