संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में सोमवार को सरकारी ठेकेदारों ने एम फार्म को लेकर हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। ठेकेदार एम, डब्ल्यू आदि फॉर्म की शर्त हटाने की मांग कर रहे हैं। ठेकेदारों ने विरोध स्वरूप जिले में निर्माण कार्य पूरी तरह ठप रखे। इससे जिले में निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और भवनों के करीब 200 करोड़ रुपये के विकास कार्य ठप हो गए।
बर्फबारी से अवरुद्ध सड़कों को खोलने का काम प्रभावित रहा। हालांकि, ठेकेदारों ने आपातकालीन में बंद सड़कों को खोलने तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की बात कही है। प्रदेश ठेकेदार कल्याण संघ के आह्वान पर सोमवार को सुबह दस बजे से ही सभी सरकारी ठेकेदार जिला मुख्यालय कुल्लू में लोनिवि केे कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए और अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। उपायुक्त और लोनिवि के अधिशासी अभियंता के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी भेजा। कुल्लू कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष जोगेंद्र मेहरा, प्रकाश शाशनी, कपिल राणा, महासचिव जसपाल, कुल्लू मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा, महा सचिव जगदीश ठाकुर तथा सुुुभाष शर्मा ने कहा कि एम फार्म के चलते ठेकेदार वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं। काम करने के बाद भी उनका भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखी थीं, लेकिन आश्वासन ही मिला। तीन माह बीतने के बाद भी इन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। अब जीएसटी 12 से बढ़ाकर 18 फीसदी कर दिया है, लेकिन उन्हें इसका भी पैसा नहीं मिल रहा है। एसोसिएशन ने कहा कि उनका यह विरोध तब तक रहेगा, जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है।