दलाश (कुल्लू)। जल शक्ति विभाग के दलाश सब डिवीजन के नए कार्यालय भवन का निर्माण बजट के अभाव में अधर में लटक गया है। करीब 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का काम रुकने से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2017 में सब डिवीजन का दर्जा मिलने के बावजूद कार्यालय अब तक सेक्शन कार्यालय में ही संचालित हो रहा है।
दलाश जल शक्ति विभाग का सब डिवीजन करीब आठ पंचायतों को सेवाएं प्रदान करता है। क्षेत्र में पेयजल सहित अन्य करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित होने के बावजूद विभाग के पास अपना भवन नहीं है। वर्तमान में यहां तैनात सहायक अभियंता को भी कनिष्ठ अभियंता के कार्यालय में बैठकर काम करना पड़ रहा है।
पर्याप्त कार्यालय व्यवस्था नहीं होने से विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। जानकारी के अनुसार सब डिवीजन का दर्जा मिलने के बाद से ही कार्यालय सेक्शन ऑफिस में चलाया जा रहा है। इसके बाद नए भवन के निर्माण का कार्य शुरू किया गया, लेकिन बजट की कमी के चलते निर्माण आगे नहीं बढ़ पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब विभाग के अधीन क्षेत्र में करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित हो रही हैं, तो अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उचित कार्यालय भवन की व्यवस्था होना भी जरूरी है।
दलाश पंचायत प्रधान आशा वर्मा और बीडीसी सदस्य देवराज चौहान ने सरकार, जल शक्ति विभाग से भवन निर्माण के लिए जल्द बजट उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धनराशि जारी होने से रुका हुआ निर्माण कार्य दोबारा गति पकड़ सकेगा और विभाग को अपने कार्यालय के लिए उचित भवन मिल पाएगा।
कोट
उच्च अधिकारियों को करवाया अवगत
जल शक्ति विभाग आनी के अधिशासी अभियंता कृष्ण शर्मा ने बताया कि बजट की कमी के कारण भवन निर्माण का कार्य रुका हुआ है। निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाने के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।