कुल्लू में सांसद प्रतिभा सिंह सांसद निधि से बनने वाली योजनाओं व केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं को ल?
- फोटो : Kullu
कुल्लू। सांसद निधि से बनने वाली योजनाओं और केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं को निश्चित समय में पूरा किया जाए। जिला में विशेष तौर पर सड़कों और पुलों के रखरखाव और इनके जल्द निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया जाए। यह बात जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति, दिशा की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद प्रतिभा सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लोगों को पूरा लाभ मिलना चाहिए। जिला पर्यटन की दृष्टि से बहुत ही महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां सड़कों, पुलों, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन सेवाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने बैठक में केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से इनके निर्माण कार्यों की प्रगति पर पूरी नजर रखने को कहा।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी हर संभव प्रयास करें।
उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित में जनप्रतिनिधियों की मांगों और उनके सुझावों पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रतिभा सिंह ने बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठक बहुत महत्वपूर्ण होती है।
इसमें जिले के विकास कार्यों की विस्तृत चर्चा और समीक्षा की जाती है। इसलिए भविष्य में इस बैठक में जिला के सभी अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपायुक्त आशुतोष गर्ग, विधायक सुंदर ठाकुर आदि मौजूद रहे। -संवाद