कुल्लू के बाशिंग में आयोजित जनमंच में शिकायत लेकर मंच के सामने पहुंच गए लोग।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाशिंग में रविवार को आयोजित जनमंच कार्यक्रम में 14 पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं गई। जनमंच में सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, टोल प्लाजा, वन और बस न चलने के मुद्दे जोरशोर से उठाए।
पानी, सड़क और बस के मुद्दों पर लोगों ने विभाग के अधिकारियों से सवाल भी किए। एक बार मंच से कहा गया कि जनमंच में ली गई सभी शिकायतों को सुना गया है। इसके बाद मंच के सामने हाथों में पत्र लेकर शिकायतकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। बाद में पुलिस की मदद से भीड़ हटाई गई। शिक्षा मंत्री एक बार फिर लोगों की अतिरिक्त शिकायतें सुनने बैठ गए। मंत्री को अतिरिक्त शिकायतें सुननी पड़ी। पहले यह कहा गया था कि जनमंच में सिर्फ वही शिकायतें सुनी जाएंगी, जो प्री जनमंच में आई थी। लेकिन लोगों की समस्याओं को मंत्री ने सुना। इससे पहले तारा चंद और प्रकाश ने पानी की समस्या उठाई। दुर्गानगर के प्रेम चंद ने कहा कि 30 परिवारों को अमृत योजना से जोड़कर पानी मुहैया करवाया जाए। अनूप राम ने रमा बाई में लो वोल्टेज की समस्या का जिक्र किया। अमर चंद ने भेेखली ब्यासर सड़क, नारायण सिंह ने कहा कि प्राइमरी स्कूल बस्तोरी में पानी नहीं आ रहा है। इससे बच्चों के साथ स्टाफ को दिक्कतें पेश आ रही है। चमन लाल और आरती नेगी ने बंद रखी गई कुल्लू से ब्यासर बस को फिर शुरू करने की मांग उठाई। आरएम देवेंद्र नारंग ने कहा कि समस्या का समाधान कर दिया गया है। बाशिंग के रंजीत ने कहा कि निजी व सरकारी बसों में बाशिंग से सवारियां नहीं बिठाई जाती है। इसके साथ ही परिचालक-चालक लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। इस पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। रामनाथ ने कहा कि धारापाणी में बिजली के तार बहुत नीचे हैं। इनसे करंट लगने का खतरा बना हुआ है। बाशिंग के युवराज ठाकुर ने कहा कि वार्ड में खराबी आने पर अंधेरा छा रहा है। फोजल की हिमा देवी ने कहा कि सड़क की खुदाई से पत्थर गिर रहे हैं। यहां पर सुरक्षा दीवार जल्द लगाई जाए। हुरंग पंचायत के रामनाथ ने कहा कि डोभी से फलाइन के बीच गाड़ियों की गति अधिक रहती है। इस पर अंकुश लगाया जाएगा। श्रीराम ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी उनके काम को दो साल से टाल रहे हैं। अधिवक्ता महेंद्र ठाकुर, मेहर चंद, ने सड़क की समस्या रखी। दौलत राम ने कहा कि डोभी बिहाल की फेंसिंग की जाए। रमेश ठाकुर ने कहा कि बालूपधर से ब्यासर तक सड़क खराब है, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बुधराम, जोग राम, गोमती देवी, अनिल कुमार ने भी समस्या उठाई। नल्हाज के मोहन लाल ने वन विभाग, बाशिंग के दिनेश सेन ने उखाड़े गए हैंप पंप, विजय कुमार, गिरधारी ने अपनी समस्या रखी।
आधा घंटा देरी से शुरू हुआ जनमंच
जनमंच सुबह 11 बजे शुरू होना था। लेकिन यह आधा घंटा देरी से शुरू हुआ। 11 बजे जनमंच की आधा कुर्सियां खाली थीं। हालांकि मंत्री के आने के बाद ये सभी भर गई। इससे पहले शिक्षा मंत्री ने सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करने के उपरांत रायसन पुल का भी स्थानीय लोगों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पुल का मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।