शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर दिया बल
विभिन्न वर्गों से संबंधित समस्याओं के समाधान के प्रशासन को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लाकड़ा ने शनिवार को केलांग में लाहौल-स्पीति की विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल देते हुए धरातल पर काम करने की बात कही।
उन्होंने जिले के विभिन्न वर्गों से संबंधित समस्याओं का समाधान करने के निर्देश जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए। उन्होंने राजकीय कॉलेज कुकुमसेरी में विज्ञान संकाय शुरू करने, उच्च माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में विज्ञान प्रवक्ता का पद भरने के लिए सरकार के संज्ञान में मामला लाने की बात कही। कहा कि आयोग केलांग अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ का पद भरने को सरकार से पत्राचार करेगा।
सड़क के चौड़ीकरण से उदयपुर बाजार को नुकसान न हो, इसके लिए सरकार और रक्षा मंत्रालय स्तर पर मामला उठाया जाएगा। कारदंग पंचायत में यात्री ठहराव के लिए व्यवस्था बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। कहा कि चंद्रभागा संगम में घाट निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए भी योजना बनाएं।
उन्होंने पशुपालन विभाग को व्यवस्था बनाकर सेवा देने के निर्देश दिए। लोगों को मनरेगा में काम करने के लिए प्रेरित करें। कौशल विकास में प्रशिक्षित युवाओं को नौकरी देने का भी प्रबंध करें। कहा कि जून में आयोग राज्य सरकार के साथ बैठक करेगा। इससे पहले जनजाति बहुल जिलों में भी बैठकें की जाएंगी। उपायुक्त किरण भड़ाना ने डॉ. आशा लाकड़ा और उनकी टीम का स्वागत किया। उनके निर्देशों एवं सुझावों पर अमल करने का आश्वासन दिया।
जिला कल्याण अधिकारी खुशविंदर ठाकुर ने विभिन्न योजनाओं पर प्रस्तुति दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, सहायक आयुक्त संकल्प गौतम और एसडीएम आकांक्षा शर्मा आदि मौजूद रहे।