लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी।-संवाद
केलांग। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बीते शनिवार से लगातार बारिश जारी है। रविवार को घाटी में दिनभर मूसलधार बारिश हुई। घाटी की ऊंची चोटियों पर हल्का ताजा हिमपात होने से ठंड बढ़ गई है।
त्रिलोकनाथ मंदिर से रविवार को भारी बारिश के बीच सैकड़ों श्रद्धालु पैदल मणिमहेश यात्रा पर रवाना हुए। श्रद्धालु पांच दिन की कठिन पैदल यात्रा कर कुगती दर्रा पार करते हुए झील पहुंचेंगे। उधर, रोहतांग, कुगती, बारालाचा और शिंकुला दर्रे समेत ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ गई है। बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल के समीप नाले में बाढ़ आई लेकिन किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। जिला प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को बारिश के बीच सफर के दौरान विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी है।