कुल्लू की आईटीआई में सैनिटाइजर का छिड़काव करता कर्मी।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिले मेें कोरोना के चलते बंद कोचिंग संस्थान खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है। कुल्लू में सोमवार से कोचिंग संस्थानों को एसओपी के तहत खोला जाएगा। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू, हरिपुर, बंजार और सैंज में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन विद्यार्थी कर सकेंगे। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू और शमशी में भी नियमित कोर्सों के अलावा छुट्टी वाले दिन प्रशिक्षुओं को कम अवधि वाले कोर्स करवाए जाएंगे।
कोचिंग संस्थानों में प्रशिक्षुओं की सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं। रविवार को परिसर सैनिटाइज किए गए हैं। प्रशिक्षुओं को थर्मल स्क्रीनिंग के उपरांत ही संस्थान के परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। कमरों में भी प्रशिक्षुओं को उचित दूरी पर बिठाया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोचिंग संस्थानों को नियमित तौर पर सैनिटाइज किया जाएगा। सोमवार से ही महाविद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। महाविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर सभी आवश्यक जानकारी और प्रवेश फार्म अपलोड किए हैं। महाविद्यालय कुल्लू की प्राचार्य बंदना वैद्य ने कहा कि स्नातक कक्षाओं के विद्यार्थी विभिन्न संकायों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आईटीआई कुल्लू के प्रधानाचार्य नीलचंद ने कहा कि अब नियमित कक्षाओं के साथ कम अवधि वाले कोर्स संस्थान में करवाए जाएंगे। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक सुरजीत राव ने कहा कि कोचिंग संस्थानों में नियमों का पालन करवाने के लिए नियमित अंतराल में निरीक्षण किया जाएगा। नियमों का पालन न होने पर संस्थान के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।