कुल्लू। खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री का कुल्लू का एक दिवसीय दौरा रद्द हो गया। ऐसे में उन्होंने शिमला से वर्चुअली कुल्लू विधानसभा के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने भुंतर में बीडीओ कार्यालय और जरी को उपतहसील को तोहफा दिया है। इससे भुंतर इलाके साथ पूरी मणिकर्ण घाटी के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बिजली महादेव तक सड़क को जमीन उपलब्ध करवाने की शर्त पर चौड़ा करने की घोषणा की। इसके अलावा मिडल स्कूल नेउली को उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने, रामशिला के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे पार्क के विकास के लिए पांच लाख, सिवगी रोड के रखरखाव के लिए तीन लाख रुपये, माता नेउली रानी में सराय भवन के निर्माण के लिए तीन लाख, कडिगंचा में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने, हाई स्कूल दोगरी को सीनियर सेकेंडरी स्कूल करने की घोषणा की।
पर्यटन की दृष्टि से क्षेत्र को विकसित करने के लिए समाना से गुरुगुग और जठानी से मथासौर सड़कों को विकसित करने के लिए 25-25 लाख, शीशामाटी बाईपास के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये तथा भल्याणी में सराय के निर्माण के लिए 10 लाख की घोषणा की है। इसे पहले मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर वर्चुअली शिमला से कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में 40 करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास तथा लोकार्पण किया। उन्होंने 1.97 करोड़ की लागत की तलोगी-मतारना और तराकड़ा के लिए उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। पिरडी में एक करोड़ की उठाऊ सिंचाई योजना तथा थाटी चौंग के लिए 1.5 करोड़ की उठाऊ सिंचाई योजना को भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री 35 करोड़ से अधिक लागत की 11 जलापूर्ति योजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें लगवैली की ग्राम पंचायत चौपाडसा के छूटे हुए गांवों के लिए 1.71 करोड़ की पेयजल योजना, समालंग, मसाना, ग्रामंग, डुघीलग, शीलधारी तथा फलाण के लिए 5.67 करोड़ की पेयजल, ब्यास के 9.62 करोड़ की 16 टंकी-शीलधारा उठाउ पेयजल योजना, 2.95 करोड़ की न्यूली-थरमाण को उठाउ सिंचाई योजना, शमशी के 2.11 करोड़ की उठाउ सिंचाई योजना तथा मौहल में 4.61 करोड़ की जल भंडारण टैंक के निर्माण का शिलान्यास किया गया।
जयराम ने 97 लाख की छलाल, कटागला, रसोल और चोज के लिए पेयजल योजना, शांगचन और ब्राधा के लिए 1.58 करोड़ की उठाऊ सिंचाई योजना, शमशी में 3.07 करोड़ की उठाऊ सिंचाई नवीनीकरण योजना तथा 83 लाख की जिया के क्षेत्र के लिए उठाऊ सिंचाई योजना की आधारशिला रखी। इस दौरान मंत्री गोविंद सिंह, विधायक सुरेंद्र शौरी, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, भीम सेन आदि मौजूद रहे।