एनएसयूआई ने प्राचार्य को मांगपत्र सौंपकर समस्याएं हल करने की उठाई मांग
कहा- छात्राओं के शौचालय के दरवाजे टूटे, सेनेटरी नैपकिन मशीन भी खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में समस्याओं का अंबार है। इससे अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एनएसयूआई का एक प्रतिनिधि जिलाध्यक्ष गौरव ठाकुर की अध्यक्षता में प्राचार्य से मिला और मांगपत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में कई समस्याएं हैं। इनसे छात्र-छात्राएं परेशान हैं। उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन से मांग की है कि छात्र-छात्राओं के शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। छात्राओं के शौचालय में दरवाजे लगाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं के लिए लगाई गई सेनेटरी नैपकिन मशीन भी खराब है। इसे भी तुरंत ठीक किया जाए। महाविद्यालय परिसर में कूड़ेदान स्थापित किए जाएं। उन्होंने काॅलेज प्रबंधन से यह भी मांग की है कि परिसर में बाहरी लोगों के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। इस मौके पर एनएसयूआई से जुड़े छात्र-छात्राओं में सौरभ, अंकित, विशाल, मोहित, नितेश, उमेश, अरीना, अर्पिता, वाणी आदि शामिल रहे। संवाद