नितिन गडकरी से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और फुटपाथ बनाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। बारिश के दौरान फोरलेन पर दियार चौक के पास जलभराव की समस्या से परेशान भुंतर के लोगों ने अब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से गुहार लगाई है।
भुंतर सुधार समिति ने तहसीलदार के माध्यम से भेजे पत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था और फुटपाथ निर्माण की मांग की है। समिति का कहना है कि हर बारिश में यह चौक तालाब में तब्दील हो जाता है जिससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
समिति के अध्यक्ष मेघ सिंह कश्यप ने बताया कि फोरलेन का दियार चौक बारिश में तालाब बन जाता है। पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ तक नहीं है। इससे राहगीरों का चलना खतरे से खाली नहीं है। लोगों ने इस समस्या के बारे में जिला प्रशासन और एनएचएआई को कई बार अवगत करवाया लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हो पाया।
उन्होंने बताया कि सड़क पर तालाब बनने के बाद ओवरफ्लो पानी सड़क के नीचे बने घरों में जा रहा है। इससे घरों को नुकसान होने का अंदेशा बना हुआ है। छोटे वाहन चालकों को परेशानी हो रही हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन चालक झेल रहे हैं। भुंतर सुधार समिति ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया है कि एनएचएआई को इस स्थान पर जल निकासी का स्थायी समाधान तलाशने के सख्त आदेश जारी करें। उन्होंने हाथीथान, जिया, मणिकर्ण चौक के पास भी निकास नालियां और फुटपाथ बनाने की मांग की है।