कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के वार्ड दो स्थित अखाड़ा बाजार में शनिवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मचारियों ने बाजार क्षेत्र की नालियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर कूड़ा-कचरा हटाया।
नगर परिषद की अध्यक्ष आशा ठाकुर और वार्ड दो की पार्षद कुब्जा ठाकुर ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर परिषद के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद समय-समय पर विभिन्न वार्डों में सफाई अभियान चलाती रहेगी, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। संवाद