एनडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मणिकर्ण स्थित एनएचपीसी चरण-2 पावर स्टेशन में बाढ़ एवं पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत मॉक ड्रिल और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को त्वरित एवं सुरक्षित बचाव कार्यों के प्रति जागरूक करना था।
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों ने संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। एनडीआरएफ के विशेषज्ञों ने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन, बचाव तकनीकों तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
महाप्रबंधक (सिविल) सुहेल ने कहा कि नियमित मॉक ड्रिल और प्रभावी पूर्व चेतावनी प्रणाली आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। संवाद