शहरों की सूरत बदलने की मुहिम शुरू, पहले नगर परिषद, पंचायतें साफ करवाएंगे डंपिंग साइट
हॉट-स्पॉट चिह्नित कर लगाए जाएंगे सूचना बोर्ड, नियमों के उल्लंघन पर भरना पड़ेगा जुर्माना
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिले में शहरों की सूरत बदलने की मुहिम शुरू हो गई है। जहां कभी कूड़े के ढेर नजर आते थे, अब वहां सफाई और साइन बोर्ड दिखाई देंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना किया जाएगा।
शहरों को साफ-सुथरा रखने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। नगर परिषद, नगर और ग्राम पंचायतें जिन स्थानों पर लोग खुले में कूड़ा फेंकते हैं, उन स्थानों की पहले सफाई करवाएंगी। इसके बाद हॉट-स्पॉट चिह्नित कर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। इसमें निर्देशित किया जाएगा कि उस स्थान पर कूड़ा फेंकना प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूला जाएगा। इसके लिए उपायुक्त ने सभी नगर परिषद और पंचायतों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों को आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि जिले के बड़े शहरों कुल्लू, मनाली, भुंतर, बंजार, सैंज, बजौरा में 35 से 40 ऐसे स्थान हैं, जहां लोग खुले में कूड़ा फेंकते हैं। इन स्थानों को अब संबंधित नगर परिषद और पंचायत साफ-सुथरा बनाएगी। सुनिश्चित करेंगी कि दोबारा इन स्थानों पर कूड़ा न फैलाया जाए। सफाई रखने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
नगर परिषद और पंचायतें कूड़ा डंपिंग के हॉट-स्पॉट स्थानों को साफ करेंगी। इसके बाद इन स्थानों पर कूड़ा न फेंकने के लिए साइन बोर्ड लगाएगी। इन साइन बोर्ड में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर नियमानुसार निर्धारित जुर्माना लगाने की सूचना भी रहेगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने नगर परिषद, नगर पंचायत को विशेष निर्देश जारी कर दिए हैं। - तोरुल एस रवीश, उपायुक्त कुल्लू
पहले भी डंपिंग साइटों की हुई है सफाई
जिले भर में शहरों को साफ और स्वच्छ बनाने के लिए पहले भी खुले में कूड़ा फेंके जाने वाली डंपिंग साइटों को चिह्नित कर उनकी सफाई की गई है। कई स्थानों पर पेवर बिछाकर लोगों को आराम फरमाने के लिए बेंच भी स्थापित किए गए हैं लेकिन हालात ऐसे हैं कि जिन साइटों को पेवर और बेंच लगाकर स्वच्छ बनाया गया था, उन साइटों पर दोबारा कूड़े के ढेर लग रहे हैं।