कुल्लू। राजकीय प्राथमिक पाठशाला शोगी में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें न्यूल पंचायत की प्रधान बेसरू देवी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कीं।
वार्ड सदस्य पुष्पा देवी विशेष अतिथि रहीं। समारोह में मंच का संचालन पांचवीं कक्षा के शीतल राज और सूरज ठाकुर ने किया। अध्यापिका लीला देवी ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी।
छोटे-छोटे विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर वाहवाही लूटी। पहली कक्षा के बच्चों ने छोटा बच्चा जान के मुझको न धमकाना... पर प्रस्तुति दी। तृतीय कक्षा के छात्र खेम राज, गोपाल कृष्ण तथा विवेक ने भक्ति गीत जय हिमाचल गाना पेश कर तालियां बटोरीं। छात्रा ज्योति, आकृति, वैष्णवी, रचना और कविता ने समूह डांस पेश किया।
छात्रों ने संदेशे आते हैं हमें तड़फाते हैं कि घर कब आओगे... गीत पर प्रस्तुति दी। छात्रा मधु और प्रियंका ने थानेदारनीय गीत पर नृत्य किया। इसके अलावा बेटी है अनमोल नाटक प्रस्तुत कर समाज में बेटा, बेटी के भेदभाव को मिटाने का संदेश दिया। छात्राओं ने पारंपरिक परिधान पट्टू पहन कर नाटी प्रस्तुत की।
इसके बाद मुख्यातिथि ने मेधावी छात्र-छात्राओं सूरज ठाकुर, शीतल राज, नितिन ठाकुर, आकृति, ज्योति, खेम राज, इंद्रदेव, चंदन, मधु को पुरस्कृत किया। छात्र मनोज को जिला स्तर तक खेलों में भाग लेने पर सम्मानित किया। शिक्षक देवदत्त ठाकुर तथा अनीता देवी को स्कूल प्रबंधन समिति ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश चंद सहित अभिभावक मौजूद रहे। संवाद