...एक्सक्लूसिव
शिल्ही-राजगगिरी पंचायत के विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
29 साल का इंतजार, अब भवन निर्माण की राह बनी आसान
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिला कुल्लू की ग्राम पंचायत शिल्ही राजगिरी में स्थित राजकीय उच्च विद्यालय चेष्ठा को अपनी जमीन मिल गई है। वन विभाग ने 1.11.19 बीघा भूमि पर विद्यालय भवन और परिसर का निर्माण करने की अनुमति प्रदान कर दी है। ऐसे में अब ग्राम पंचायत और शिक्षा विभाग भूमि को विभाग के नाम करने की औपचारिकताएं पूर्ण करने में जुट गए हैं। विद्यालय को साल 1996 में अनुमति मिली थी, लेकिन 29 साल बाद विद्यालय के पास अब अपनी भूमि होगी।
गौरतलब है कि उच्च विद्यालय चेष्ठा को पिछले दो दशकों से भूमि नहीं मिल पाई थी, जिस वजह से वन विभाग की भूमि पर ही बने चार से पांच कमरों में विद्यार्थियों की पढ़ाई चल रही थी, लेकिन अब अपनी भूमि होने से विद्यालय का नया भवन बनेगा, जिसमें विद्यार्थियों को सभी प्रकार की शैक्षणिक के साथ आधुनिक प्रयोगशालाएं व मूलभूत सुविधाएं मिलेगी। ग्राम पंचायत शिल्ही-राजगिरी के प्रधान डोले राम ने कहा कि 1996 में चेष्ठा में माध्यमिक विद्यालय बना और 2006 में उच्च विद्यालय का दर्जा मिला, लेकिन भूमि विद्यालय के नाम नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के लंबे संघर्ष के बाद भूमि विद्यालय के नाम हो गई है और जल्द हीभवन का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। कहा कि इससे ग्रामीणों में खुशी है। उधर, पार्वती वन मंडल के वनमंडलाधिकारी प्रवीण ठाकुर ने कहा कि उच्च विद्यालय चेष्ठा के लिए भवन भवन निर्माण के लिए शिक्षा विभाग के नाम भूमि करने की अनुमति प्रदान की गई है।