मनाली। नगर परिषद मनाली में प्रचंड जीत हासिल करने वाली भाजपा में अध्यक्ष पद को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। अध्यक्ष पद के दो दावेदार होने से पार्टी ने ढाई-ढाई साल का फार्मूला तय किया है। सोमवार को सभी पार्षद शपथ लेंगे। उसके बाद अध्यक्ष पद का भी चुनाव होने की संभावना है। चुनाव हुआ तो पहले चंद्रा पधान की अध्यक्ष और ठाकुर दास की उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी हो सकती है। ढाई साल के बाद मनोज लारजे अध्यक्ष तो इशारा ठाकुर उपाध्यक्ष बनेंगी। संगठन में एकजुटता बनाए रखने के लिए यह निर्णय अहम माना जा रहा है।
निकाय चुनाव में भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए सभी सात सीटें जीतकर इतिहास रचा है। अध्यक्ष पद की दौड़ में पूर्व अध्यक्ष मनोज लारजे और चंद्रा पधान थे। सूत्र के मुताबिक कि पार्टी की कई दौर में हुई बैठकों के बाद भी दोनों में सहमति नहीं बन पाई। लिहाजा, पार्टी ने अध्यक्ष पद का कार्यकाल ढाई-ढाई साल के लिए दोनों में विभाजित कर दिया है। हालांकि, इसे इस निर्णय को अंतरकलह से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए यह फैसला लिया गया है। विस चुनाव में एकजुटता ही फतह का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष जोगेंद्र मेहरा ने बताया कि भाजपा समर्थित पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चयन के लिए संगठन को अधिकृत किया गया। संगठन में व्यापक विचार-विमर्श एवं सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया कि प्रथम ढाई वर्षों के लिए वार्ड नंबर छह से पार्षद चंद्रा पधान को अध्यक्ष और वार्ड नंबर एक से पार्षद बने ठाकुर दास को उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा जाएगा। इसी प्रकार संगठन ने आगामी ढाई वर्षों के लिए भी नेतृत्व की रूपरेखा निर्धारित करते हुए वार्ड नंबर सात से मनोज लारजे को अध्यक्ष तथा वार्ड नंबर तीन से ईशा ठाकुर को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय संगठन के सामूहिक नेतृत्व, कार्यकर्ता सम्मान और संतुलित प्रतिनिधित्व की भावना को दर्शाता है।