कुल्लू के गांधीनगर निवासी ने सीएमओ और एसपी कुल्लू से की शिकायत
..................
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के समीप चल रहे एक निजी डायलिसिस सेंटर में डायलिसिस के दौरान लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है। पत्नी के साथ डायलिसिस के दौरान बरती गई लापरवाही की शिकायत पति ने सीएमओ कुल्लू और एसपी कुल्लू को दी है। शिकायत पत्र में गांधीनगर निवासी गुरजीत सिंह ने कहा कि वह निजी अस्पताल में अपनी पत्नी का दो साल से डायलिसिस करवा रहे हैं।
5 अप्रैल को डायलिसिस करवाने के लिए आए तो उस दिन स्थायी तकनीशियन की जगह एक अन्य युवक डायलिसिस करवाने के लिए उपलब्ध था। नीडल ठीक नहीं लगने के कारण पत्नी के शरीर से खून बाहर निकल गया और वह बेहोश हो गई। कोताही के कारण पत्नी का स्वास्थ्य खराब हुआ। 6 अप्रैल को अस्पताल कुल्लू में भर्ती करवाकर अतिरिक्त खून चढ़ाना पड़ा।
13 अप्रैल को फिर डायलिसिस करवाने गए तो उन्होंने डायलिसिस करने से मना किया। आपातकाल में नेरचौक जाकर डायलिसिस करवाया। उसके बाद 15 से 27 अप्रैल तक पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार करवाना पड़ा। डायलिसिस केयर सेंटर की लापरवाही के चलते मानसिक परेशानी और आर्थिक नुक्सान झेलना पड़ा। दोषियों पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। सीएमओ नागराज पंवार का कहना है कि इस बारे में शिकायत मिली है जिसकी जांच की जाएगी। संवाद