कुल्लू जिले के पांच, लाहौल-स्पीति के दो विद्यालय चयनित
विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद
राजीव नैय्यर
कुल्लू। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के सात सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई में चयनित किया गया है। इन विद्यालयों के अलावा आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थी शैक्षणिक सत्र 2026-2027 में सीबीएसई पाठ्यक्रम में पढ़ाई कर पाएंगे।
जिला कुल्लू के पांच और लाहौल-स्पीति के दो विद्यालयों को सरकार ने मंजूरी दी है। इस बदलाव से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
गौर रहे कि प्रदेश सरकार ने सरकारी विद्यालयों में अप्रैल 2026 से सीबीएसई पाठ्यक्रम पढ़ाने का निर्णय लिया है। विद्यार्थियों की अधिक संख्या और मूलभूत सुविधाओं से संपन्न विद्यालयों को पहले चरण में सीबीएसई पाठ्यक्रम के लिए चयनित किया गया है। ऐसे में अगले शैक्षणिक सत्र से 100 विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने को मंजूरी दी गई। इन विद्यालयों में कुल्लू के पांच और लाहौल-स्पीति के दो विद्यालय शामिल हैं। नई व्यवस्था लागू करने के लिए शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के बाद उपनिदेशकों ने जिला स्तर पर रोडमैप की तैयारी शुरू कर दी है।
उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा ने कहा कि शिक्षा निदेशालय की योजना के अनुसार पहले चरण में चयनित विद्यालयों को सीबीएसई पैटर्न के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसके बाद अन्य विद्यालयों को भी इस दायरे में लाया जाएगा।
इन विद्यालयों का सीबीएसई के लिए चयन
कुल्लू जिले से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी, बंजार, मनाली, सराहन और शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय कुल्लू को शामिल किया गया है। इसी तरह लाहौल-स्पीति में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केलांग और काजा को सीबीएसई से जोड़ा जाएगा।