क्षेत्रीय अस्पताल में मरीज पर लगा है डॉक्टर का गला पकड़ने और बाल खींचने का आरोप
मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन की बैठक के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में एक महिला डाक्टर से दुर्व्यवहार मामले में कुल्लू पुलिस थाना में केस दर्ज हो गया है। आरोपी मरीज पर वीरवार रात को उपचार के दौरान महिला चिकित्सक को गले से पकड़ने और बाल खींचने का आरोप है।
हालांकि, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने पुलिस को मामला दर्ज करने के लिए शिकायत की थी। बावजूद इसके शिकायत दर्ज नहीं हो पाई थी। शनिवार को हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन कुल्लू इकाई के अध्यक्ष डाॅ. कल्याण ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें महिला डाॅक्टर के साथ मरीज की ओर से किए गए दुर्व्यवहार पर चिंता जताई गई। एसोसिएशन ने पुलिस से घटना को लेकर केस दर्ज करने की मांग की थी। दोपहर बाद पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद