जिला मुख्यालय स्थित सरवरी बस अड्डे के पास खड़ी की गई कार के शीशे तोड़ कर चोर एक पिस्टल उड़ा ले गए। पिस्टल में छह रौंद भी भरे थे। इसके अलावा चोर एक एप्पल का आईपेड और लैपटॉप भी उड़ा ले गए हैं।
घटना का पता सुबह तब लगा जब कार मालिक होटल से पार्किंग में पहुंचा। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दिए अपने बयान में हरियाणा निवासी दीपक ने पुलिस को बताया कि वह लद्दाख से वापस लौट रहा था। लिहाजा, सरवरी में बालाजी होटल में रुकने के दौरान उन्होंने कार को बस अड्डे में पार्क कर दिया। गाड़ी में एक पिस्टल, जिसमें छह रौंद भरे थे सहित एक एप्पल का आईपेड, लैपटॉप और एक कैमरा सहित अन्य सामान रखा था। चोर शीशे तोड़ कर सब कुछ उड़ा ले गए हैं।
इस घटना की जानकारी उन्हें सुबह तब लगी जब वह पार्किंग में पहुंचे। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल भी मौके पर पहुंचा और पूरी स्थिति का जायजा लिया। चुराए गए सामान का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। दिलचस्प बात यह है कि पिस्टल लोडिड है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। जल्द आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।