संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में 15 से 18 साल तक के किशोरों का वैक्सीनेशन लगाने का लक्ष्य भले ही कम हो, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों के लिए यह किसी जंग से कम नहीं है। माइनस तापमान के बीच बर्फ से जमी सड़कों और यहां कि विषम परिस्थितियां अन्य जिलों से हटकर हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की वैक्सीन टीम लक्ष्य भेदने के लिए खूब मेहनत कर रही है।
17 जनवरी तक जनजातीय क्षेत्र में शत-प्रतिशत किशोरों को वैक्सीन लगाने का प्रयास रहेगा। यदि मौसम ने साथ दिया तो अभियान को पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि विभाग ने जिले में 1385 किशोरों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार तक लाहौल में 522 व स्पीति में 357 किशोरों को वैक्सीन लगाई गई है। विभाग का लक्ष्य था कि वह इस अभियान को पूरा कर प्रदेश में दोबारा प्रथम स्थान हासिल करें, लेकिन पिछले दिनों लंबे समय तक चले बर्फबारी के दौर से अभियान प्रभावित रहा है। हालांकि विभाग ने अभियान को थमने नहीं दिया, सिलसिले बार अभियान को जारी रखा गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लाहौल-स्पीति जिले की लाहौल घाटी में 95 फीसदी तक वैक्सीनेशन हो गई है। स्पीति के कई हिस्सों में वैक्सीन लेकर जाने स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानियां आ रही हैं। जिले में इन दिनों धूप के समय भी तापमान जमाव बिंदु के करीब ठहर रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह वैद्य ने कहा कि लाहौल घाटी में विभाग लक्ष्य के करीब है। स्पीति के कई हिस्सों में परिस्थितियां लाहौल से काफी मुश्किल हैं, फिर भी मौसम ने साथ दिया, तो सोमवार तक अभियान को पूरा कर लिया जाएगा।