कीरतपुर-मनाली हाईवे से यातायात सुचारू होने के बाद लंबे रूटों पर शुरू की बस सेवा
लोगों को मिली राहत, नहीं देना होगा कुल्लू से मंडी आने के लिए टैक्सी में हजारों का किराया
पर्यटन नगरी मनाली से लंबे रूटों पर बस सेवाएं सुचारू होने में अभी लगेगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू और मंडी के बीच कीरतपुर-मनाली हाईवे से यातायात सुचारू होने से अब लंबे रूटों की कुछ बसें अंतर राज्यीय बस अड्डा कुल्लू से संचालित की जा रही हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने कुल्लू से दिल्ली, चंडीगढ़, हरिद्वार, जम्मू और शिमला के लिए साधारण और एसी बस सेवा शुरू कर दी है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इससे पहले यात्रियों को कुल्लू से बाहर और कुल्लू आने के लिए टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा था। यह उनकी जेब पर भारी पड़ रहा था। अब बस सेवा दोबारा शुरू होने से कुल्लू से मंडी के लिए टैक्सी में हजारों रुपये का किराया भी यात्रियों को नहीं देना पड़ेगा।
हालांकि, पर्यटन नगरी मनाली से लंबे रूटों पर बस सेवाएं सुचारू होने में अभी समय लगेगा। कुल्लू से मनाली के लिए फिलहाल पतलीकूहल तक बस सेवा जारी है। पतलीकूहल से मनाली के बीच कई स्थानों पर हाईवे क्षतिग्रस्त हुआ है। इस वजह से बसों का संचालन संभव नहीं है। कुल्लू-मंडी के बीच बड़े वाहनों की आवाजाही नियमित होने से यात्रियों की परेशानी काफी हद तक कम हुई है। उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि अंतर राज्यीय बस अड्डा कुल्लू से लंबे रूटों की बस सेवा शुरू कर दी गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों का संचालन समयसारिणी के अनुसार किया जा रहा है।
रूट समय
कुल्लू से दिल्ली शाम 05:00 बजे
कुल्लू से चंडीगढ़ सुबह 10:00, शाम 05:00 बजे
कुल्लू से शिमला सुबह 07:40, शाम 06:20 बजे
कुल्लू से जम्मू शाम 04:30 बजे
कुल्लू से हरिद्वार दोपहर 03:30 बजे