कुल्लू जिला कुल्लू में मौसम ने फिर से करवट ली है। सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और ऊंची चोटियों में रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर जारी रहा। लेकिन दोपहर बाद जिला मुख्यालय केलांग में फाहे गिरने शुरू हुए। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
देर शाम तक रोहतांग दर्रा, कुंजुम दर्रा तथा बारालाचा के साथ कुल्लू व लाहौल की ऊंची चोटियां बर्फबारी से सफेद हो गई। रोहतांग दर्रा में 15 सेंटीमीटर, बारालाचा में 25 और कुंजुम दर्रा में 20 सेंटमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गई। मौसम के बदलते रुख से कुल्लू और लाहौल-स्पीति में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उधर, मौसम के तेवरों को देखते हुए एचआरटीसी कुल्लू ने जिले के करीब एक दर्जन से अधिक अति संवेदनशील रूटों पर बसों को आधे रास्ते तक भेजा। निगम ने बस चालकों को एहतियात बरतने के निर्देश देते हुए बर्फबारी होने पर बसों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को कहा है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद कुल्लू व मनाली से जिला मुख्यालय केलांग के बीच चलने वाली निगम की बसों के साथ घाटी के भीतर ही बसों के पहिये करीब 15 दिनों से जाम हैं। मौसम ने अब एचआरटीसी की चिंता को बढ़ा दिया है।
लाहौल में अभी भी मुख्य सड़कों को छोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों की दर्जनों सड़कें बंद हैं। जिला कुल्लू में हाईवे-305 के साथ छह सड़कों पर बस सेवा बंद है। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों तक बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने पर्यटकों व आम लोगों से सतर्क रहने को कहा है।