बंजार से गाडागुशैणी-खौली सड़क बहाल होने के बाद रवाना हुई बस। संवाद
बंजार (कुल्लू)। जीभी से गाड़ागुशैणी-छतरी मार्ग पर डेढ़ महीने के बाद बस सेवा शुरू हो गई है। एचआरटीसी के करीब 10 रूट बहाल हुए हैं। इससे कुल्लू और मंडी जिले की करीब 20 हजार आबादी ने राहत की सांस ली है। भरठीधार के पास 12 अगस्त को करीब 30 फीट डंगा गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी हेम राज, राकेश कुमार, छापे राम, मेहर सिंह, गोपाल सिंह, रोशन लाल और देवी चंद ने कहा कि बंजार जाने और घर वापसी के लिए टैक्सियों में 500 से 600 रुपये किराया देना पड़ रहा था। लोक निर्माण विभाग को डंगे के निर्माण के लिए करीब डेढ़ माह का समय लग गया। अब इस डंगे काम पूरा हो गया है। वीरवार से बसों के सभी 10 से अधिक रूट बहाल हो गए है।
सभी बसों के नियमित चलने से लोगों को टैक्सियों में अधिक पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। इससे जिला कुल्लू व मंडी की लगभग 15 पंचायतों के लोगों को कुल्लू, बंजार, मंडी व अन्य जगहों के लिए आने-जाने की सुविधा मिली है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन शर्मा ने कहा कि डंगा लगा दिया है। एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी दीप चंद ने कहा कि भरठीधार में जो डंगा गिरा था, वह अब तैयार हो गया है। कुल्लू, औट और बंजार से चलने वाली सभी सरकारी बस सेवाएं शुरू हो गई हैं। संवाद