स्कूली विद्यार्थी और स्थानीय लोग परेशान
टैक्सियों में करना पड़ रहा है महंगा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। आपदा के दो माह बाद भुंतर तहसील के तहत आने वाली बजौरा-न्यूल-छवारा रूट पर बस सेवा बंद पड़ी है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खासकर स्कूल के विद्यार्थी बस सेवा का लाभ न मिलने से परेशान हैं। आपदा में सड़क काफी क्षतिग्रस्त हुई है। सड़क अभी तक ठीक नहीं हो पाई है। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत न्यूल में आने वाले क्षेत्र के विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग प्रतिदिन बजौरा और भुंतर के लिए बस में आते थे। आपदा के बाद बस नहीं चली। ऐसे में ग्रामीण बस सेवा नियमित रूप से चलने के इंतजार में हैं। लोगों को मजबूरी में टैक्सियों में महंगा सफर करना पड़ रहा है। गौर रहे कि बीते मंगलवार को बजौरा में ग्राम पंचायत न्यूल के छवारा गांव के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर बंजार के विधायक से मुलाकात की थी।
ग्रामीणों का कहना है कि आपदा के बाद अभी तक बजौरा-न्यूल-लांगणी-छवारा बस सुविधा सुचारू रूप से नहीं चल पाई। हालांकि आपदा के बाद जिले कई रूटों पर अभी तक बसें नहीं चल रही हैं। आपदा में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को अभी तक लोक निर्माण विभाग ठीक नहीं कर पाया है। ग्राम पंचायत न्यूल की प्रधान बेसरू देवी ने कहा कि बस फिलहाल नहीं चल रही है। जल्द बस सेवा शुरू की जाए। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से बस सेवा न चलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को बस सेवा शुरू करने के लिए कहा जाएगा जिससे लोगों को समस्याओं का सामना न करना पड़े।