भाषण और लोकोक्तियों पर भी प्रतिस्पर्धा करवाएगा भाषा एवं संस्कृति विभाग
छह नवंबर को सुबह 10 बजे देव सदन कल्लू के सभागार में होगा कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। भाषा एवं संस्कृति विभाग पहाड़ी बोली को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से पहाड़ी सप्ताह में विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा करवाएगा। इसमें 9वीं से 12वीं कक्षा तक विद्यार्थी भाग लेंगे।
जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बताया कि विभाग पहाड़ी बोलियों के प्रोत्साहन को लेकर पहाड़ी सप्ताह आयोजित कर रहा है। छह नवंबर को सुबह 10 बजे देव सदन कल्लू के सभागार में कार्यक्रम होगा। इसमें सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इस दौरान भाषण, निबंध लेखन एवं लोकोक्तियां, मुहावरे लेखन और पहेलियां लेखन आदि चार तरह की प्रतियोगिताएं होंगी।भाषण प्रतियोगिता में 3 से 5 मिनट तक भाषण हिमाचली बोली में देना होगा। निबंध लेखन के लिए डेढ़ घंटे का समय दिया जाएगा। इसमें 300 से 400 शब्दों में जिले के पारंपरिक परिधान एवं आभूषण विषय पर लिखना होगा।
लोकोक्तियां मुहावरे लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागी को 1 घंटे का समय दिया जाएगा। इसमें प्रतिभागी को अधिक से अधिक जिले में प्रचलित पारंपरिक ठेठ लोकोक्तियां मुहावरे उनके हिंदी में अर्थ सहित लिखने होंगे।
पहेलियां लेखन में भी एक घंटे का समय दिया जाएगा। प्रतिभागी को अधिक से अधिक जिले में प्रचलित बोली में पारंपरिक और ठेठ पहेलियां उनके उत्तर सहित लिखनी होगी। प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहने वाले प्रतिभागियों को विभाग सम्मानित करेगा। इच्छुक पाठशालाएं 4 नवंबर तक भाषा एवं संस्कृति विभाग कार्यालय में विद्यार्थियों के नाम भेज सकते हैं।