रोहतांग (लाहौल स्पीति)। एचआरटीसी की ओर से जिला लाहौल-स्पीति के काजा के लिए कुल्लू से वीरवार को बस सेवा शुरू की जा रहा है। काजा के लिए 20 माह बाद बस दौड़ेगी। निगम की बस सुबह 4.30 बजे कुल्लू से और छह बजे मनाली से काजा के लिए रवाना होगी।
कुल्लू से काजा के लिए 498 रुपये प्रति सवारी किराया निर्धारित किया गया है। 15 अक्तूबर 2019 के पश्चात 2021 में दोबारा बस सेवा बहाल की गई है। हर वर्ष 15 अक्तूबर के बाद इस सड़क पर पानी जमने के कारण बस सेवा बंद कर दी जाती है। इसके अलावा कोरोना के कारण भी कुछ समय तक बस का संचालन नहीं हो पाया। एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि लगभग 20 महीने के लंबे अंतराल के बाद कुल्लू-काजा रूट के लिए दो बसें चलाई जा रही हैं। वर्ष 2020 में वैश्विक कोरोना महामारी के चलते यह बस सेवा पूरी तरह प्रभावित रही है। इसके कारण काजा उपमंडल की जनता को परेशान होना पड़ा है। लेकिन अब निगम ने लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए बस चलाने का निर्णय लिया है। कहा कि वीरवार से कुल्लू से काजा के लिए पुन बसों का संचालन आरंभ किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए कुल्लू, मनाली और अखाड़ा बाजार और केलांग बस अड्डा में संपर्क कर सकते हैं।