बर्फबारी के कारण बंद हो गया था मार्ग, एचआरटीसी ने किया बस ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला मुख्यालय केलांग से उदयपुर के लिए 17 दिन बाद निगम की बस सेवा शुरू होगी। शुक्रवार को एचआरटीसी केलांग ने उदयपुर तक बस का ट्रायल किया, जो सफल रहा। अब शनिवार को निगम की बस सेवा को शुरू करने का फैसला लिया है। बसों के आवागमन से घाटी के लोगों को जिला मुख्यालय केलांग आने में आसानी होगी।
अभी तक लोग टैक्सी में सफर करने का मजबूर थे। केलांग डिपो की क्षेत्रीय प्रबंधक राधा देवी ने बताया कि केलांग से उदयपुर के बीच शनिवार को एक ही बस चलाई जाएगी। बस केलांग बस अड्डे से सुबह 11:30 बजे उदयपुर के लिए निकलेगी और यही बस 2:30 बजे के करीब उदयपुर से केलांग आएगी। केलांग-उदयपुर रूट पर बस संचालन होने से पट्टन घाटी के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
15 फरवरी को जिला परिषद अध्यक्ष लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने बस चलाने की निगम प्रबंधन और उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार से मांग की थी। लाहौल घाटी में 30 जनवरी शाम को हुई बर्फबारी के बाद बस सेवा बंद चल रही है।
इसके बाद बीआरओ ने घाटी की मुख्य सड़कों को बहाल कर दिया। मौसम विज्ञान केंद्र ने 17 से 21 फरवरी तक मौसम में बदलाव आने तथा बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि मौसम जब तक ठीक रहेगा, बस संचालन जारी रहेगा। संवाद