कुल्लू। जिला कुल्लू से राजधानी शिमला के लिए एचआरटीसी की बस सेवा दो दिनों बाद शुरू की गई है। शनिवार को निगम की सेमी डीलक्स बस मनाली-शिमला के लिए भेजी गई है। दो दिन बाद बस सेवा आरंभ होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि भारी बर्फबारी के कारण कुल्लू डिपो की दो सेमी डीलक्स बसें राजधानी में ही फंसी हुई हैं। इसके बावजूद निगम ने यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए दोबारा बस सेवा शुरू कर दी है। बता दें कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम के लोकल रूटों समेत शिमला के लंबे रूट प्रभावित हुए हैं। खराब मौसम के कारण निगम को बस सेवा बंद करनी पड़ी, लेकिन मौसम खुलते ही पूर्व की भांति बस सेवा विभिन्न रूटों पर बहाल की गई है।
गौरतलब है कि मनाली से शिमला के लिए दोबारा बस सेवा बहाल होने से यात्रियों व मरीजों को सुविधा मिलेगी। रात्रि सेवा में शनिवार को सेमी डीलक्स बस को भेजा गया है। खराब मौसम में बसें न मिलने के कारण दो दिनों तक यात्रियों को परेशान होना पड़ा है। वीरवार को शिमला गईं निगम की दो सेमी डीलक्स बसें भारी बर्फबारी के कारण राजधानी में ही फंसी हैं। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि बर्फबारी के कारण शिमला के लिए बसों का संचालन नहीं हो पाया था। मौसम साफ होते ही यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान करने के लिए मनाली से शिमला के बीच सेमी डीलक्स बस का संचालन किया गया है।