कुल्लू। जिले में रोगी मोड़-लारीकोट सड़क तीन साल से यातायात के लिए बंद पड़ी है। विभाग की ओर से उसे अभी तक बहाल नहीं किया गया है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2023 की आपदा के दौरान सड़क को काफी ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इससे मार्ग यातायात के लिए बंद पड़ा है और क्षेत्र के लोगों को इससे बस सेवा भी नहीं मिल पा रही है। छोटे वाहन मार्ग पर हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। वाहनों को काफी नुकसान हो रहा है। आलम यह है कि सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं, जगह-जगह टूटी हुई है। इसको दुरुस्त करने का अभी तक कोई प्रयास नहीं किया गया है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उन्होंने विभाग और प्रशासन से भी बार-बार आग्रह किया है लेकिन उसके बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रवासियों कंवर सिंह, मेहर चंद, कर्ण सिंह, केवल राम, विनोद कुमार ने बताया कि तीन किलोमीटर की यह सड़क क्षेत्र के बदलोगी, चतानी, मनारी, लारी, कोट, नरेंटनी, रोगी, डूधाभ्रा आदि गांवों को लाभान्वित करती है लेकिन तीन साल से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उनका कहना है कि क्षेत्र के गांवों में 1000 से भी अधिक की आबादी है लेकिन सड़क की खस्ताहालत के चलते उन्हें रोजमर्रा का सामान लाने और ले जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग में मनारीधार के पास भूस्खलन हुआ है और सड़क को क्षति पहुंची है लेकिन इसे ठीक नहीं किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि यह मार्ग 2009 में बस संचालन के लिए पास किया गया है लेकिन तीन वर्षों से क्षेत्र को बस सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
...
प्रशासन और विभाग को बार बार आग्रह करने के बाद भी सड़क दुरुस्त नहीं हो पाई है। सड़क खराब होने के कारण क्षेत्र के लिए बस सेवा शुरू नहीं हो पा रही है, इससे जनता परेशानी झेल रही है। प्रशासन और विभाग से आग्रह है कि समय पर सड़क को ठीक करने का कार्य किया जाए।
-कंवर सिंह राणा, चतानी
....
क्षेत्रवासियों की समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और विभाग को सड़क की समस्या दूर करनी चाहिए। लोग तीन सालों से इस सड़क की खराब दशा का दंश झेल रहे हैं। बस सेवा भी इतने लंबे समय से बंद पड़ी हुई है और लोगों को आने जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
-दुनी चंद, पूर्व वार्ड सदस्य चतानी
...
सड़क बहाली के लिए विभाग जल्द प्रयास करेगा। इसके लिए अभी बजट का प्रावधान किया जाना है। जैसे ही बजट का प्रावधान होगा, विभाग मौके पर कार्य आरंभ करेगा।
-बीसी नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग
000