बंजार (कुल्लू)। जन शिकायत निवारण समिति उपमंडल स्तर की बैठक मंगलवार को एसडीएम बंजार पंकज शर्मा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें एपीएमसी कुल्लू व लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सदस्यों ने जनहित से जुड़े तमाम मुद्दों को उठाया गया और अधिकतर जनहित समस्याओं का मौके से ही निपटारा किया गया। सड़क, बिजली और पेयजल आदि समस्याओं को सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष रखा। सदस्यों ने समस्या उठाई कि बठाहड से दोगड़ा सड़क पर बस सेवा सात साल भी लोगों को नहीं मिली है। बस सेवा शुरू करने की मांग की गई। शलेरा पेड़चा चेथर में पीने के पीने की आपूर्ति सुचारू करने का मामला भी सामने आया।
टील में बिजली की कम वोल्टेज को बढ़ाने के लिए 66 किलोवाट के ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन बिछाने की मांग भी की गई। महिलाओं को उत्पाद बेचने की सुविधा उपलब्ध करवाने, नगर पंचायत बंजार में सीवरेज के कार्य में तेजी लाने का मसला भी उठाया। नेशनल हाईवे 305 को दुरूस्त करने की मांग भी सदस्यों ने रखी।सिविल अस्पताल बंजार के भवन निर्माण आदि समस्याओं को भी सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष उठाया।
इसके बाद योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की बैठक भी हुई। उपमंडल अधिकारी नागरिक बंजार पंकज शर्मा ने गैर सरकारी सदस्यों द्वारा रखी समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लें और समय पर इन शिकायतों का निपटारा करें। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।