कुल्लू में मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री से मिलने पहुंचे जेबीटी प्रशिक्षु।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। उच्च न्यायालय ने जेबीटी भर्ती में बीएड डिग्री धारकों को भी पात्र माना है। न्यायालय के इस फैसले के खिलाफ जिले में चार दिनों से जेबीटी प्रशिक्षु हड़ताल कर रहे हैं। प्रशिक्षु कक्षाओं का बहिष्कार कर फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
सोमवार से बुधवार तक सैकड़ों प्रशिक्षुओं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जरड़ में धरना प्रदर्शन किया। वहीं वीरवार को जिला मुख्यालय कुल्लू में स्थित परिधि गृह में धरना दिया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने कुल्लू प्रवास पर आए शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। प्रशिक्षुओं ने सरकार से न्यायालय के फैसले को चुनौती देने की मांग की है। गौरतलब है कि बीएड डिग्री धारकों को जेबीटी भर्ती में पात्र मानने के फैसले के खिलाफ प्रशिक्षु उग्र हो गए हैं।
कक्षाओं का बहिष्कार किया जा रहा है। कुल्लू में डाइट समेत दो प्रशिक्षण संस्थानों में कक्षाएं नहीं लग पाई है। सैकड़ों प्रशिक्षु संयुक्त रूप से धरना पर बैठे हैं। जेबीटी प्रशिक्षु राघव भारद्वाज, बॉबी, अनुभव, युगल राणा, मोनिका, सोनिया, शिवानी और रीतिका ने कहा कि न्यायालय का यह फैसला जेबीटी प्रशिक्षुओं के भविष्य के खिलाफ है। जब तक इस फैसले को वापस नहीं लिया जाता प्रशिक्षुओं का प्रदर्शन जारी रहेगा।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि फैसला उच्च न्यायालय ने लिया है। लेकिन जेबीटी प्रशिक्षुओं को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला लिया है।